—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर मंत्री लोधी को उमाशंकर शास्त्री ने कराया भगवान शिव का अभिषेक*


दमोह/नोहटा नगर में मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के परिवार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास पंडित उमाशंकर शास्त्री ने अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भक्ति और सत्संग का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि यदि अच्छे लोगों का संग प्राप्त न हो सके तो अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि जैसे सत्संग जीवन को पवित्र बनाता है, वैसे ही श्रेष्ठ साहित्य भी आत्मा को निर्मल करने का कार्य करता है।
कथा के दौरान पंडित शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़े, तब-तब भगवान ने अवतार लेकर धर्म की स्थापना की। उन्होंने कहा कि मथुरा में कंस के अत्याचारों से व्यथित धरती की पुकार पर भगवान विष्णु ने देवकी के गर्भ से श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया और कंस का वध कर धर्म की रक्षा की।
जैसे ही कथा में श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते भगवान के जन्मोत्सव की खुशियां मनाने लगे। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
कथा व्यास पंडित उमाशंकर शास्त्री ने कहा कि भागवत कथा सुनना सौभाग्य की बात है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब व्यक्ति कथा में दिए गए संदेशों को अपने जीवन में उतारे और परमार्थ के कार्यों में सहभागी बने।
उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने राक्षसों का संहार कर पृथ्वी को भयमुक्त किया और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन प्रातःकाल शिवलिंग निर्माण एवं भगवान शिव के पूजन का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक भाग ले रहे हैं।
वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं उनकी धर्मपत्नी ने पंडित उमाशंकर शास्त्री के सान्निध्य में विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।












































