Home » अपराध » Mp » *श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव पर झूम उठे श्रद्धालु*

*श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव पर झूम उठे श्रद्धालु*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव पर झूम उठे श्रद्धालु*

*भागवत कथा सुनने से अहंकार का नाश होता है : आचार्य पं. उमाशंकर चौबे*

दमोह। जिले के ग्राम समन्ना स्थित राधाकृष्ण मंदिर समन्ना तिगड्डा में सनातन धर्म प्रचार मंडल समिति, समस्त ग्राम समन्ना एवं क्षेत्रवासियों के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत पुराण कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग बड़े श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पंडित उमाशंकर चौबे ने अपने मुखारविंद से श्रीकृष्ण जन्म की अलौकिक कथा का वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कथाव्यास ने देवकी की आठ संतानों की कथा, कंस के अत्याचार तथा भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि द्वापर युग में मथुरा दो भागों में विभाजित था। एक ओर वृष्णिवंश के राजा देवक और उग्रसेन थे, जबकि दूसरी ओर यदुवंश का शासन था। देवक की पुत्री देवकी का विवाह यदुवंश के प्रमुख वासुदेव से हुआ था। विवाह के बाद हुई आकाशवाणी से भयभीत होकर कंस ने देवकी और वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया।

आचार्य चौबे ने बताया कि भाद्रपद मास की अष्टमी की अंधेरी रात में मथुरा की कारागार में दिव्य प्रकाश फैला और माता देवकी के गर्भ से भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ। ईश्वरीय चमत्कार से कारागार के सभी बंधन खुल गए और वासुदेव नवजात श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना पार गोकुल पहुंचे। वहां नंद बाबा के घर जन्मी कन्या को लेकर वे पुनः कारागार लौट आए। जैसे ही गोकुल में नंद बाबा के यहां पुत्र जन्म का समाचार फैला, पूरे ब्रज में उत्सव का माहौल बन गया।

कृष्ण जन्मोत्सव की मनोहारी कथा और भजनों के बीच श्रद्धालु झूम उठे तथा पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर आचार्य पं. उमाशंकर चौबे ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली आध्यात्मिक साधना है। भागवत कथा सुनने से मन को शांति मिलती है और अहंकार का नाश होता है। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से व्यक्ति भक्ति, सेवा और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर होता है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बलराम चौबे, सरपंच सोनू ठाकुर, सकल हिन्दू समाज युवा जिलाध्यक्ष मोंटी रायकवार, भाजपा नेता संजय गौतम, भाजपा युवा नेता करन चौबे, पन्नालाल रायकवार, रेवाराम रायकवार, प्रशांत रायकवार, कांशीराम रायकवार, हेमराज रायकवार, गुलाब पटेल, मस्तराम पटेल, साहब पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्राम समन्ना एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This