—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*हाइडेलबर्ग सीमेंट नरसिंहगढ़ प्लांट में विश्व पर्यावरण दिवस के 10 दिवसीय अभियान का भव्य समापन*
दमोह। हाइडेलबर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड, नरसिंहगढ़ प्लांट में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित दस दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान का भव्य एवं सफल समापन समारोह संपन्न हुआ। यूनिट हेड के नेतृत्व तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सागर के क्षेत्रीय अधिकारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम “क्लाइमेट एक्शन (Climate Action)” को केंद्र में रखकर आयोजित अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण संबंधी विविध कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं, ग्रामीण जनसंपर्क गतिविधियां तथा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दस दिनों तक चले इस अभियान में बच्चों, महिला समूहों, कर्मचारियों, श्रमिकों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न शासकीय अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अभियान के अंतर्गत दमोह जिले के विभिन्न गांवों में घर-घर संपर्क कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। ग्रामीणों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही लोगों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया।
समापन समारोह के अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को यूनिट हेड द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में कर्मचारियों एवं श्रमिकों से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हाइडेलबर्ग सीमेंट के कर्मचारियों, श्रमिकों, उनके परिवारजनों, ग्रामवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कंपनी के पर्यावरण प्रमुख डॉ. अशोक तिवारी ने वरिष्ठ प्रबंधन के मार्गदर्शन एवं भारत सरकार के पर्यावरण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपूर्ण अभियान की रूपरेखा तैयार कर उसका सफल संचालन किया।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि हाइडेलबर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड की पथरिया माइंस एवं इमलाई ग्राइंडिंग यूनिट में भी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों इकाइयों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बड़ी संख्या में पौधारोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
नरसिंहगढ़ प्लांट, पथरिया माइंस एवं इमलाई ग्राइंडिंग यूनिट द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इन पर्यावरणीय गतिविधियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रकृति संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया तथा सफल आयोजन के लिए फैक्ट्री प्रबंधन एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।















































