—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी की अनोखी पहल फुटेरा वार्ड-4 में हुई मोहल्ला समिति की बैठक*
दमोह। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, मोहल्लों की समस्याओं के समाधान तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से सिटी कोतवाली क्षेत्र के फुटेरा वार्ड क्रमांक-4 में मोहल्ला समिति की बैठक आयोजित की गई। नरसिंह मंदिर के पास आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, नागरिकों की समस्याओं को सुनना तथा संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना देकर सुरक्षित समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि “पुलिस आपकी, सहयोग हमारा, सुरक्षित मोहल्ला-सुरक्षित समाज हमारा”। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, आपसी भाईचारा बढ़ेगा और समाज में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनेगा।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद चंदेल जी, पत्रकार पुष्पेन्द्र तिवारी, विवेक अग्रवाल, वैभव तिवारी, लक्ष्मण तिवारी सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मोहल्ला समिति की बैठक में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की। विशेष बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी मंच से नीचे उतरकर सीधे नागरिकों के बीच पहुंचे, उनकी समस्याएं सुनीं, आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में तेजी आती है।

















































