—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नामदेव समाज के मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न 60 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान*
*नामदेव समाज के छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम हुआ संपन्न*

दमोह। आदर्श नामदेव समाज सेवा समिति, नामदेव समाज दमोह द्वारा समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व वित्त मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नामदेव विकास परिषद मध्यप्रदेश के अध्यक्ष राजेंद्र नामदेव ने की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुभाष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय नामदेव, नगर पंचायत पथरिया अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा, उच्च न्यायालय जबलपुर के अधिवक्ता अक्षय नामदेव, ट्री मैन के नाम से प्रसिद्ध विवेक नामदेव, वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र दुबे, ज्योतिषाचार्य डॉ. रज्जन पटेल, पीडब्ल्यूडी एसडीओ महेंद्र नामदेव, जगदीश नामदेव (ललितपुर) एवं नवीन नामदेव (भोपाल) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि नामदेव महाराज एवं मां सरस्वती के पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मोहन नामदेव द्वारा संगीतमय सरस्वती वंदना एवं नामदेव चालीसा का पाठ प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया गया। बालिकाओं भूमि एवं स्वाति ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह के संयोजक एवं नामदेव समाज दमोह के अध्यक्ष राजकुमार नामदेव “राजू भैया” ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा समाज में शिक्षा और प्रतिभा सम्मान की परंपरा को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री एवं विधायक जयंत मलैया ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए आयोजन की सराहना की। सांसद राहुल सिंह लोधी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा अपने उद्बोधन में समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करने और समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
नामदेव विकास परिषद मध्यप्रदेश के अध्यक्ष राजेंद्र नामदेव ने इस प्रकार के प्रेरणादायक आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार नामदेव द्वारा संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन अतिथियों के हाथों किया गया। ज्योतिषाचार्य डॉ. रज्जन पटेल ने संत नामदेव जी की महिमा और उनके साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला, वहीं वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र दुबे ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
समाज की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली।
समारोह में समाजसेवा एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किए गए। मानव सेवा के क्षेत्र में वर्षों से दरिद्र नारायण भोज संचालित कर रहे इंजीनियर अजय नामदेव को “समाज रत्न” सम्मान से नवाजा गया। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश नामदेव को “युवा समाज रत्न” सम्मान प्रदान किया गया। वहीं जबलपुर के बरगी हादसे में अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की जान बचाने वाले युवा मोहित नामदेव को भी “समाज रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ट्री मैन विवेक नामदेव के नेतृत्व में अतिथियों एवं समाजजनों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया।
समिति की ओर से रानू नामदेव, मोहन नामदेव, लखनलाल नामदेव, मुकेश नामदेव, नीरज नामदेव, मनोज नामदेव, अमित नामदेव, सचिव बृजेश नामदेव, कोषाध्यक्ष संदीप नामदेव, ओमप्रकाश नामदेव, संतोष नामदेव, अजय कटारिया, लकी नामदेव, सूरज नामदेव, शिवम नामदेव, मनीष, अंकित वर्मा, राजेश नामदेव, मधुर नामदेव, ऋषि नामदेव, ऋषभ नामदेव, मोहन नामदेव एवं निपिन नामदेव सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राजेंद्र नामदेव (बटियागढ़) एवं धर्मेंद्र नामदेव (बांदकपुर) ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन समिति के सचिव बृजेश नामदेव द्वारा किया गया।










































