—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शुरू की विशेष जनसुनवाई हर शनिवार होगा समस्याओं का निराकरण*


*झलौन से मुकेश जैन की रिपोर्ट*
दमोह/जबेरा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से स्थानीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने एक नई पहल की शुरुआत की है। इसके तहत नोहटा स्थित उनके कार्यालय में प्रत्येक शनिवार विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है।
मंत्री लोधी ने बताया कि वे पहले से ही प्रतिदिन क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते और उनके निराकरण का प्रयास करते रहे हैं, लेकिन अब इसे और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक शनिवार को विशेष जनसुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
शनिवार को आयोजित पहली जनसुनवाई में क्षेत्र के लोगों द्वारा 20 से अधिक लिखित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जबकि कई नागरिकों ने मौखिक रूप से अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्राप्त आवेदनों पर यथासंभव त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की।
मंत्री लोधी ने कहा कि जनसुनवाई का आयोजन प्रत्येक शनिवार प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित राहत मिल सके।
इस पहल का क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि नियमित जनसुनवाई से आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा।













































