—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*लक्ष्य दमोह की मुहिम से जुड़े बेलापुरवा एवं मंगोला हाई स्कूल जन्मदिवस पर किया वृक्षारोपण*
दमोह/बटियागढ़ में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को लेकर चलाए जा रहे “लक्ष्य दमोह” अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलापुरवा एवं पीएम श्री हाई स्कूल मंगोला ने वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन शिक्षक नोनेलाल साहू के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार एवं लक्ष्य फाउंडेशन दमोह के प्रांत प्रचारक रूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तथा पीएम श्री हाई स्कूल मंगोला में कदम, गुलमोहर, कटहल, बरगद, पीपल और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 10 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलापुरवा के प्राचार्य के.के. पटेल, पीएम श्री हाई स्कूल मंगोला के प्राचार्य शैलेन्द्र सिंह राजपूत तथा पीएलवी रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि लक्ष्य फाउंडेशन प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोगों को जन्मदिवस जैसे विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि दोनों विद्यालयों के इस अभियान से जुड़ने पर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है।
रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि लक्ष्य दमोह द्वारा महापुरुषों की जयंती एवं विशेष अवसरों पर नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जाता है। इसी क्रम में आगामी 1 जुलाई को लक्ष्य के राष्ट्रीय संरक्षक अमरपाल सिंह लोधी (आईआरएस) के जन्मदिवस पर भी व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में लक्ष्य दमोह के सदस्य, दोनों विद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि भविष्य में अपने तथा अपने प्रियजनों के जन्मदिवस पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय वृक्षारोपण कर प्रकृति को समर्पित उत्सव मनाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
















































