—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर धाम कॉरिडोर के समर्थन में 30 जून को दमोह में होगा हिंदू समाज का विशाल एकत्रीकरण सौंपा जाएगा ज्ञापन*
दमोह। प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ बांदकपुर धाम में चल रहे कॉरिडोर निर्माण कार्य के समर्थन में जिले भर के विभिन्न हिंदू संगठनों एवं धर्मप्रेमियों द्वारा 30 जून, मंगलवार को दमोह में विशाल एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे जटाशंकर मंदिर के पास होगा, जहां से मुख्यमंत्री एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, बांदकपुर धाम में पिछले लगभग एक वर्ष से कॉरिडोर निर्माण कार्य जारी है। उनका कहना है कि भूमि की सीमित उपलब्धता और मुख्य द्वार क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि कुछ अतिक्रमणकारी निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है।
हिंदू समाज का कहना है कि कॉरिडोर निर्माण में हो रही देरी से श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता है। इसी को देखते हुए जिले के विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया है।
आयोजन के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक को भी एक अलग ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें निर्माण कार्य में बाधा डालने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
आयोजकों ने जिले के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, भोलेनाथ के भक्तों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।











































