—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*विरागोदय जैन मंदिर चोरी का खुलासा उत्तराखंड के दो आरोपी गिरफ्तार ₹20 हजार नकद बरामद*
दमोह। पथरिया पुलिस ने विगत दिनों विरागोदय जैन मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए उत्तराखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई रकम में से ₹20 हजार नगद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नेहा गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार चोरी की घटना के खुलासे में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को विरागोदय जैन मंदिर के मैनेजर सूरज जैन ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 मई की दरमियानी रात दो अज्ञात चोर मंदिर परिसर में रखी दो दान-पेटियों (गुल्लकों) से करीब ₹90 हजार चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से कई शहरों एवं राज्यों में आरोपियों की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद 26 जुलाई 2026 को पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलवंत उर्फ राजू (40 वर्ष) निवासी फतेहगंज, थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) तथा रेशम उर्फ रिंकू (32 वर्ष) निवासी ग्राम गोठा, थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई राशि में से ₹20 हजार नगद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में शेष चोरी गई राशि की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नेहा गोस्वामी, सउनि हरगोविंद पटेल, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र यादव, आरक्षक नवीन बैन, संदीप पटेल, कपिल तिवारी, अजय कुर्मी, मनीष रोहित, अमन बाल्मीकि तथा साइबर सेल के राकेश आठ्या, रोहित, शुभम नामदेव, मनोहर एवं मयंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































