*संभागायुक्त सुचारी ने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का लिया जायजा*
*जिला आपदा नियंत्रण कक्ष की प्रशंसा की*
दमोह संभागायुक्त सागर संभाग अनिल सुचारी ने कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नोडल अधिकारी एवं जिला लोक सेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल ने बताया नियंत्रण कक्ष बारिश के दौरान 24 घंटे संचालित होता है। यहां 8-8 घंटे की 3 शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो जिले में आपदा से संबंधित गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हैं । जिले के नागरिकों से किसी भी आपदा जैसे बाढ़, जलभराव इत्यादि की जानकारी प्राप्त होते ही तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाता है। नियंत्रण कक्ष में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे विभिन्न विभागों से बारिश, बांधो की स्थिति, सड़क मार्गों, पुल, जल भराव इत्यादि की जानकारी प्राप्त की जाती है। पटैल ने बताया इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष से दमोह हेल्पलाइन, सीएम हेल्पलाइन संचालन के साथ जिले के विभिन्न अधिकारियों से समन्वय का कार्य भी होता है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में पुलिस विभाग से वायरलेस सेट भी लगाया है, साथ ही एक पुलिस कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है, जो किसी भी आपदा या घटना की जानकारी तत्काल वायरलेस सेट के माध्यम से संबंधित पुलिस थाने को प्रेषित करते हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे वल्लभ भवन सिचुएशन रूम भोपाल से जुड़ा रहता है।
अवलोकन के दौरान संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने नियंत्रण कक्ष में उपस्थित कर्मचारियों से भी विभिन्न विषयों की जानकारी ली। अवलोकन के पश्चात उन्होंने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष की प्रशंसा की और आवश्य निर्देश दिए।
इस मौके पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, सहायक कलेक्टर ऋषिकेश ठाकरे, अनुविभागीय अधिकारी दमोह आरएल बागरी भी उपस्थित रहे।