Home » अपराध » Mp » *टूटे पुल के पास बाइक गिरने से तीन युवकों की मौत, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल*

*टूटे पुल के पास बाइक गिरने से तीन युवकों की मौत, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*सागर-जबलपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा*

*टूटे पुल के पास बाइक गिरने से तीन युवकों की मौत, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल*


दमोह/तेंदूखेड़ा। सागर-जबलपुर स्टेट हाइवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा देर रात व्यारमा नदी पर टूटे पड़े पुल के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि पुल के बाजू से बने स्टॉपडैम मार्ग से निकलने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी, जिससे तीनों सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान अजय घोषी (21 वर्ष), अमित कुर्मी (21 वर्ष) और पवन कुर्मी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों युवक छिरारी गांव, थाना रहली, जिला सागर के निवासी थे। वे बारात में शामिल होने के लिए तारादेही-समनापुर क्षेत्र की ओर जा रहे थे।

पुल पहले ही बह चुका था

जानकारी के अनुसार, हालिया तेज बारिश के चलते व्यारमा नदी का पुल पहले ही क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। इसके कारण मार्ग दोनों ओर से बंद बताया गया था। बावजूद इसके मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण वाहन सवारों को पुल टूटने की जानकारी नहीं मिल पाती। हादसे में भी यही स्थिति सामने आई। बाइक सवार युवक पुल के किनारे बने अस्थायी रास्ते से गुजरते समय संतुलन खो बैठे और नीचे जा गिरे।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुल टूटने के बाद से प्रशासन द्वारा कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। यदि समय रहते संकेत बोर्ड, बैरिकेडिंग और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो संभवतः यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एमपी अपडेट न्यूज़ टीम परिजनों को गहन दुख सहने की क्षमता दे मृतकों को प्रभु श्री चरणों में स्थान दें ओम शांति ओम शांति ओम शांति

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This