Home » अपराध » Mp » *पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग*

*पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग*

दमोह। शहर की कानून व्यवस्था एवं हालिया घटनाक्रम को लेकर दमोह के समस्त पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा उपद्रवियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपते हुए पत्रकारों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दमोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक बड़े धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब किया गया।

निजी स्वार्थ और वर्चस्व की लड़ाई के चलते उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ की। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को उखाड़कर फेंक दिया गया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पत्रकारों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर की शांति व्यवस्था पूरी तरह भंग हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को परिसर से बाहर किया गया।

घटना के बाद पत्रकारों ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की। वहीं घायल पुलिसकर्मियों की ओर से भी अलग प्रकरण दर्ज कराया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पत्रकारों ने यह भी चिंता जताई कि घटना के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट और टिप्पणियां कर शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने स्पष्ट किया कि जिले की शांति व्यवस्था भंग करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि संवैधानिक दायरे में रहकर कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है।

अब देखना होगा कि प्रशासन आगे क्या ठोस कदम उठाता है और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए किस प्रकार की रणनीति अपनाई जाती है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This