*नरसिंहगढ़ में सुनार नदी पुल से कार गिरी, पति सुरक्षित बाहर निकला, पत्नी लापता*

दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के पास सुनार नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार फोर-व्हीलर वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक अमला और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में दंपति सवार थे।
कार में सवार सुनील अहिरवार किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे बेहोशी की हालत में पानी से बाहर आए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। वहीं उनकी पत्नी सपना अहिरवार का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। महिला के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू कार्य में बाधाएं आ रही हैं। मौके पर थाना प्रभारी, सीएसपी और एडिशनल एसपी भी मौजूद रहे। क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकालने की तैयारी की गई।
एहतियात के तौर पर पुल और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
प्रशासन ने बताया कि महिला की तलाश जारी है और जैसे ही कोई आधिकारिक पुष्टि होगी, जानकारी साझा की जाएगी।












