—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, 3 ट्रक जब्त, 30 हजार जुर्माना*


दमोह जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। श्रुतकीर्ति सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक जिला दमोह के निर्देशन एवं संदीप मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 18 फरवरी 2026 को थाना यातायात प्रभारी दलवीर सिंह मार्को द्वारा थाना स्टाफ के साथ मारूताल बायपास चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान मालवाहक, भारी एवं यात्री वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई।
जांच के दौरान ट्रक क्रमांक MP 09 HJ 1106, MP 09 GD 4423 एवं MP 09 HH 9165 के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इसके बाद तीनों ट्रकों को जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया।
19 फरवरी 2026 को प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 30,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और जन-जीवन सुरक्षित रह सके।







