—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*आदर्श परीक्षा केंद्रों पर फूलों से स्वागत, विद्यार्थियों को मिला तनावमुक्त वातावरण*
दमोह जिले के 279 परीक्षा केंद्रों पर आज से कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षाओं के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत तथा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे के मार्गदर्शन में चयनित परीक्षा केंद्रों एकीकृत माध्यमिक शाला नावघाट, अभाना कैरियर कान्वेंट, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मारूताल को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
इन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का फूलों से स्वागत कर सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया गया। विद्यार्थियों को तनावमुक्त माहौल प्रदान करने के लिए केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। परीक्षा के पहले दिन विद्यार्थी उत्साहपूर्वक परीक्षा में सम्मिलित हुए। केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर पालकों ने भी संतोष व्यक्त किया और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
जनशिक्षा केन्द्र अभाना के सभी परीक्षा केंद्रों पर छात्रों का स्वागत तिलक लगाकर पुष्प वर्षा कर किया गया, साथ ही सभी बच्चों को एक चॉकलेट एवं पेन दिया गया।










