—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*निरंतर प्रयास है जबेरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के हर मापदंड पर प्रदेश की अग्रणी एवं क्रमांक एक विधानसभा बनाया जाए-राज्यमंत्री लोधी*
*राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने 01 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के किए लोकार्पण एवं भूमि पूजन*
दमोह निरंतर प्रयास है कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के हर मापदंड पर प्रदेश की अग्रणी एवं क्रमांक एक विधानसभा बनाया जाए। क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस आशय की बात प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने जिले की जबेरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम कोंरता में 01 करोड़ रुपए के उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, सीसी रोड आदि विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन के दौरान कही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन शामिल रहे।
राज्यमंत्री लोधी ने बताया 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के ग्रामवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा, अब ग्रामीणजनों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इस केंद्र के माध्यम से आसपास के कई गांवों के नागरिकों को भी समय पर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हो सकेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सुदृढ़ होंगी।
उन्होंने आगे बताया ग्राम कोंरता में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण स्थान उपलब्ध कराएगा। इससे गांव में सामाजिक एकता और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसी क्रम में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सी.सी. रोड का भी भूमिपूजन किया गया। इस सड़क के निर्माण से ग्रामवासियों को आवागमन में काफी सुविधा प्राप्त होगी तथा बरसात के समय होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी। बेहतर सड़क सुविधा से गांव का संपर्क मजबूत होगा और दैनिक जीवन की गतिविधियां अधिक सुगम बनेंगी।
















































