—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*मंदिर चोरी का खुलासा 3 आरोपी गिरफ्तार ढाई लाख का माल बरामद*
दमोह। थाना पटेरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बमनपुरा स्थित शीतला माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत का चोरी गया माल भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को मंदिर के पुजारी भागीरथ प्रसाद कुर्मी ने थाना पटेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह पूजा-अर्चना कर लगभग 10:30 बजे मंदिर के सभी गेट बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। शाम करीब 4 बजे उनके पिता जब मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और गेट खुले हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुजारी मौके पर पहुंचे और जांच करने पर पाया कि मंदिर के अंदर का एल्ड्राफ भी टूटा हुआ था तथा माता जी का सोने का हार और 10 चांदी के छत्र गायब थे। अज्ञात चोरों द्वारा दिनदहाड़े मंदिर में घुसकर चोरी की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटेरा में अपराध क्रमांक 93/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। तत्पश्चात आरोपियों की तलाश कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में परमलाल अठ्या (35 वर्ष), गुटालू उर्फ गोविंद लोधी (47 वर्ष) एवं परमलाल उर्फ गुट्टू अठ्या (45 वर्ष), सभी निवासी हिण्डोरिया शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सोने का हार और चांदी के छत्र बरामद कर लिए हैं। बताया गया है कि आरोपियों ने चोरी के बाद उक्त सामान को बेचने की भी कोशिश की थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित आरक्षक रूपलाल, बालमुकुंद, बृजेश, अनिल सिंह, इंद्रजीत सिंह एवं महिला आरक्षक रानी ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।












































