Home » अपराध » Mp » *बस्ती से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा स्मरण पत्र*

*बस्ती से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा स्मरण पत्र*

*बस्ती से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा स्मरण पत्र*

दमोह: जिले के हिण्डोरिया नगर में मुख्य सड़क पर बस्ती के बीच संचालित देशी-अंग्रेजी कंपोजिट शराब दुकान को हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में नगर के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्मरण पत्र सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 09 में स्थित यह शराब दुकान घनी आबादी के बीच संचालित हो रही है, जहां अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। दुकान के आसपास धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल मौजूद हैं, जिनमें हनुमान मंदिर, यादव समाज का दीवाला, मुस्लिम समाज की ईदगाह मस्जिद तथा हजरत बाबा मेहबूब शाह की दरगाह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दुकान के ठीक सामने लगभग 10 फीट की दूरी पर नगर का एकमात्र मंगलम विवाह गार्डन भी स्थित है, जिससे सामाजिक आयोजनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

नगरवासियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। 2 मार्च 2026 को थाना हिण्डोरिया एवं नायब तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था, वहीं 19 मार्च 2026 को शांति समिति के जरिए थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के माध्यम से भी स्मरण पत्र दिया गया था।

इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने पुनः कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र खरे को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान को बस्ती से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की।

ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो नगरवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि डॉ. प्रिंस खटीक, राजा खान, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण पटेल, पार्षद प्रतिनिधि शेख असीम, एकता परिषद जिला अध्यक्ष सुजात खान, मंजीत राज, रितिक साहू, साहब सिंह, भूपेंद्र बौद्ध, कपिल राज सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This