—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*हिण्डोरिया में शराब दुकान हटाने को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रशासन ने लिया संज्ञान*
*हिंडोरिया से शुजात खान की रिपोर्ट*
हिण्डोरिया/दमोह — नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान को बस्ती से बाहर हटाने की मांग को लेकर बुधवार सुबह महिलाओं एवं पुरुषों ने दुकान के मुख्य द्वार पर बैठकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। यह क्षेत्र अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक बाहुल्य आबादी वाला है, जहां पास में धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थान भी संचालित हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। साथ ही माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखते हुए भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिससे आंदोलन संयमित और अनुशासित बना रहा।
प्रदर्शन के पश्चात नगर के जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट दमोह पहुंचा, जहां उन्होंने कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को पूर्व में दिए गए ज्ञापनों एवं स्मरण पत्रों की जानकारी दी। कलेक्टर के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सौरभ गंधर्व एवं जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र खरे से भी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लक्ष्मण पटेल, बजरंग दल अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, एकता परिषद जिला अध्यक्ष सुजात खान, पुष्पेन्द्र राजपूत, मंजीत राज सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्टर के विशेष आदेश पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग की टीम हिण्डोरिया पहुंचकर विवादित शराब दुकान के स्थल का निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा शिकायतों की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलनकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे निरीक्षण के दौरान उपस्थित होकर अपनी आपत्तियां और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उचित निर्णय लिया जा सके।

















































