Home » अपराध » Mp » *ग्राम हर्रई में सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितता, 9 लाख की लागत पर उठे सवाल*

*ग्राम हर्रई में सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितता, 9 लाख की लागत पर उठे सवाल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*ग्राम हर्रई में सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितता, 9 लाख की लागत पर उठे सवाल*

विकास कार्यों को लेकर सरपंच का दावा घटिया निर्माण कार्य से बदल रहे गांव की तस्वीर*

दमोह। जिले के ग्राम हर्रई में हाल ही में लगभग 9 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके चलते निर्माण के महज एक सप्ताह के भीतर ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है और गिट्टी बाहर आने लगी है। इससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में सरपंच, सचिव एवं संबंधित इंजीनियर दिलीप सूत्रकार की मिलीभगत से निम्न स्तर का निर्माण कार्य कराया गया है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

यह भी बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। विगत वर्ष भी सरपंच द्वारा कराए गए सड़क निर्माण कार्य में खामियां सामने आई थीं। उस समय भी शिकायतें हुईं, लेकिन कथित रूप से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि सरपंच मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है और उस पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप भी लग रहे हैं। साथ ही सड़क किनारे एक आलीशान मकान के निर्माण को लेकर भी गांव में चर्चाएं तेज हैं।

मौके पर निरीक्षण के दौरान पूर्व में बनी सड़क भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त पाई गई, जिससे ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है। इसके बावजूद सरपंच द्वारा अपने कार्यों की सराहना करते हुए गांव के विकास के दावे किए जा रहे हैं।

इस मामले में संबंधित इंजीनियर दिलीप सूत्रकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, सचिव से बातचीत में उन्होंने बताया कि लगभग 9 लाख रुपए की लागत से यह सड़क पांचवें वित्त आयोग मद से बनाई जा रही है, जिसका मूल्यांकन हो चुका है। कुछ राशि जारी हो चुकी है, जबकि शेष भुगतान होना बाकी है।

सरपंच साहब सिंह से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भी फोन रिसीव नहीं किया।

अब देखना यह होगा कि लगातार सामने आ रही शिकायतों और तथ्यों के आधार पर प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

(इस मामले से जुड़े अन्य कार्यों और अनियमितताओं का खुलासा अगली खबर में किया जाएगा)

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This