—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*पंजाबी महिला विकास समिति दमोह द्वारा बैसाखी एवं खालसा स्थापना दिवस पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न*
दमोह, 12 अप्रैल 2026।
पंजाबी महिला विकास समिति दमोह द्वारा बैसाखी एवं खालसा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में समिति की महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन काजल जुनेजा एवं मनमीत अजमानी द्वारा किया गया। शुरुआत में रणजीत कौर ने खालसा स्थापना दिवस एवं बैसाखी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सदस्यों को इन पर्वों की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया।
इसके पश्चात अनमोल गांधी द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य का भी आयोजन किया गया, जिसमें काजल जुनेजा, मंजू मोंगिया, सोनिया अरोड़ा, शुची अरोरा, पायल खत्री रावत, कुलजीत खंडूजा, गोल्डी खत्री, शिल्पा एवं डॉ. रितु दुआ सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान शहर की सामान्य महिलाओं का सम्मान डॉ. रितु दुआ एवं सोनिया अरोड़ा द्वारा किया गया। साथ ही श्रीमती एशिया प्रतियोगिता की प्रतिभागी डीलू छाबड़ा का भी विशेष सम्मान डॉ. रितु दुआ द्वारा किया गया।
आयोजन में बैसाखी से संबंधित विभिन्न रोचक खेल एवं प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में प्रतिभागियों का जोश और उमंग देखते ही बनता था।
यह आयोजन सांस्कृतिक एकता, परंपरा और उत्सव की भावना का एक सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।










































