—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*अम्बेडकर जयंती पर लक्ष्य दमोह की हेलमेट जागरूकता महारैली सर्व समाज ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा*
दमोह। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर लक्ष्य शिक्षा एंड राहत कोष फाउंडेशन द्वारा दमोह जिले में एक विशाल हेलमेट जागरूकता महारैली का आयोजन किया गया। यह रैली संस्था के राष्ट्रीय संरक्षक अमरपाल सिंह लोधी (आईआरएस, अपर आयुक्त भारत सरकार) के संरक्षण एवं राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट पूरन सिंह पटेल (छत्तीसगढ़) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
रैली की शुरुआत फुटेरा कला बस स्टैंड परिसर में बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्विनी सिंह द्वारा हेलमेट पहनकर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली फुटेरा कला से प्रारंभ होकर मगरोन तक निकाली गई, जिसमें सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महारैली विभिन्न ग्रामों—घुराटा, अगारा, आंजनी, बेलखेड़ी, घूघस, कनौरा रामनगर, निवोरा रामनगर, सेमरा रामनगर, सुनवाहा, मंगोला, गंज, बरखेरा एवं बंधा—से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। प्रांत प्रचारक रूपेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए।
रैली का समापन मगरोन में आयोजित मंचीय कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में पूर्व सहायक संचालक शिक्षा विभाग नन्हे सिंह ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। वहीं रूपेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दमोह जिले सहित पूरे देश में हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देना और लोगों को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाना है।
महेंद्र सिंह रोहित ने बाबा साहब के संघर्षों और जीवन पर प्रकाश डाला, जबकि राजा ठाकुर ने शिक्षा और विज्ञान के मार्ग पर चलने की आवश्यकता बताते हुए अंधविश्वास से दूर रहने का संदेश दिया। अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक जागरूकता, एकता और जिम्मेदारी पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रांत प्रचारक रूपेन्द्र सिंह लोधी ने सभी सहभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन सामाजिक एकता और जनहित के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश देने में सफल रहा।




















































