—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*गेंहूँ खरीदी केन्द्रों में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ रहें किसानों को न हो असुविधा — कलेक्टर प्रताप नारायण यादव*
*कलेक्टर ने समन्ना खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण किसानों का सम्मान कर दिए आवश्यक निर्देश*
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज गेंहूँ खरीदी केन्द्र समन्ना पहुँचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित किसानों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों का फूल-माला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर एसडीएम दमोह सौरभ गंधर्व एवं डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य अधिकारी रचना प्रजापति भी मौजूद रहीं।
कलेक्टर श्री यादव ने मौके पर मौजूद सर्वेयर से चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी परिचय पत्र धारण करें तथा गेंहूँ की खरीदी निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप ही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ खरीदी प्रक्रिया संचालित हो।
बताया गया कि समन्ना खरीदी केन्द्र पर आज 23 किसानों की स्लॉट बुकिंग थी, जिनमें से 3-4 किसान मौके पर उपस्थित रहे। कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि वे अपना अनाज लेकर आएं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य अधिकारी रचना प्रजापति ने खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं, परिवहन और भण्डारण संबंधी जानकारी भी कलेक्टर को दी।
कलेक्टर के इस निरीक्षण से खरीदी केन्द्र पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।














































