Home » अपराध » Mp » *रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर*

*रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर*


दमोह, 16 अप्रैल 2026
शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले की बटियागढ़ तहसील के दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्राम सिंगपुर में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और जमीनी हकीकत जानी।

रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्राम सिंगपुर सहित आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत जनसंख्या आदिवासी समुदाय की है, जहां सिंचाई संसाधनों की कमी और सीमित कृषि क्षेत्र के कारण आर्थिक स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे क्षेत्रों में योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस दौरान शिविर में 17 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा अन्य हितलाभों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने भी योजनाओं से मिले लाभ साझा किए। एक हितग्राही ने बताया कि उसका ऑपरेशन आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क हुआ। वहीं अन्य ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य योजनाओं से मिली सहायता की जानकारी दी।

कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन वितरण और राजस्व मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूलों में शिक्षक नियमित आते हैं, टीकाकरण हो रहा है तथा राशन भी समय पर मिल रहा है। नामांतरण और बंटवारे के कोई प्रकरण लंबित नहीं हैं।

पेयजल समस्या पर सख्त निर्देश
ग्राम के कुछ वार्डों में पेयजल आपूर्ति में कमी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्थानों पर पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराया जाए।

ई-विकास पोर्टल पर पंजीयन की अपील
एसडीएम पथरिया निकेत चौरसिया ने किसानों से उर्वरक प्राप्त करने के लिए ई-विकास पोर्टल पर पंजीयन कराने की अपील की। साथ ही जनजातीय छात्रों के लिए संचालित योजनाओं जैसे बिरसा मुंडा एवं टंट्या मामा योजना की जानकारी भी दी गई।

कड़कनाथ मुर्गी योजना की जानकारी
पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. असाटी ने कड़कनाथ मुर्गी अनुदान योजना के तहत 400-450 रुपये जमा करने पर 28 दिन के 40 चूजे प्रदान किए जाने की जानकारी दी।

सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन
ग्राम सिंगपुर, नीमखेड़ा, बैरियर और ओला छावनी में पक्की सड़क की मांग पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण हेतु डीपीआर तैयार होने की जानकारी दी गई और जल्द कार्य शुरू होने का आश्वासन दिया गया।

विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में कृषि, जल निगम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

हर ग्रामीण की सुनी गई समस्या
कलेक्टर श्री यादव ने चौपाल में उपस्थित प्रत्येक ग्रामीण की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान आयुष्मान कार्ड, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम निकेत चौरसिया, जनपद पंचायत प्रतिनिधि धर्मेंद्र कटारे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अठ्या, तहसीलदार योगेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This