*खानकाह नूरी-फरीदी में जलसा आयोजित प्रतिभाशाली छात्राओं का हुआ सम्मान*
हिंडोरिया से सुजात खान की रिपोर्ट
दमोह/हिण्डोरिया। स्थानीय खानकाह नूरी-फरीदी में पीरो-मुर्शिद मौलाना हाजी कमालुद्दीन खान साहब सल्लामहु तआला की सरपरस्ती में एक भव्य धार्मिक जलसे का आयोजन किया गया। यह आयोजन हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलेह, अजमेर शरीफ की सफल जियारत कर लौटने की खुशी में नगर के जायरीनों एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मीलादे पाक का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम भाईयों ने भाग लिया। इस अवसर पर शेख-ए-तरीकत हाजी कमाल मियाँ खान साहब ने अपनी तकरीर में सभी को बुरे कर्मों से बचने और नेक रास्ते पर चलने की नसीहत दी। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज को अपने बेटों और बेटियों को समान अवसर प्रदान कर दीनी और दुनियावी तालीम दिलानी चाहिए।
इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। व्यापम वर्ग-03 परीक्षा में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सादिका अंजुम (पिता स्व. इसरार खान), कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली उज़मा फातिमा (पिता मुबस्सिर खान), ग्राम महुआखेड़ा की छात्रा मुस्कान बी (91.2%, पिता नवाब खान) तथा 90% अंक हासिल करने वाली छात्रा निशवा नूरी (पिता यार मोहम्मद खान) को उनकी शानदार उपलब्धियों पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर समस्त मानवता की एकता, तरक्की, कामयाबी और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआ की गई। इस आयोजन में शेख रफीक, रहीम मुकद्दम, शहीद गुड्डू, साजिद खान, रहीम खान, राजा खान, रहीस खान, सुजात खान सहित अनेक गणमान्य लोगों की सक्रिय सहभागिता और उपस्थिति सराहनीय रही।










































