—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*जेरट चौकी के आरक्षक आकाश पांडे ने पेश की मानवता की मिसाल*
*वर्दी के पीछे केवल एक अधिकारी ही नहीं बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान*


दमोह। भीषण गर्मी और लू के इस कठिन दौर में, जब आमजन तपती धूप से बेहाल हैं, वहीं ग्राम जेरट चौकी में पदस्थ आरक्षक आकाश पांडे ने एक प्रेरणादायक पहल कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है।
आरक्षक आकाश पांडे ने बस स्टैंड चौराहे पर अपने निजी सहयोग से नए मटके खरीदकर ठंडे पेयजल की व्यवस्था कराई है, जिससे राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिल रही है। तपती दोपहर में यह पहल लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब वहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति आसानी से अपनी प्यास बुझा पा रहा है।
उनकी इस छोटी लेकिन प्रभावशाली पहल ने न केवल लोगों को गर्मी से राहत दी है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सहयोग का सकारात्मक संदेश भी दिया है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य की खुले दिल से सराहना करते हुए इसे पुलिस की मानवीय छवि का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
गौरतलब है कि आकाश पांडे पूर्व में बटियागढ़ में पदस्थ रहते हुए भी हर वर्ष गर्मियों में इसी तरह आमजन के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करते रहे हैं। उनकी यह निरंतर सेवा भावना उनके समाज के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
ऐसे सराहनीय कार्य यह साबित करते हैं कि वर्दी के पीछे केवल एक अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान भी होता है, जो समाज की भलाई के लिए सदैव तत्पर रहता है।















































