—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मगरोन संकुल केंद्र में नवागत प्राचार्य का भव्य स्वागत शिक्षा सुधार की जताई उम्मीद*


दमोह/बटियागढ़ तहसील अंतर्गत आने वाले मगरोन संकुल केंद्र में नवागत प्राचार्य जलज नयन सोनी ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। उनके आगमन पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर क्षेत्र के समाजसेवियों, पीएलवी रूपेन्द्र सिंह, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों द्वारा फूल-मालाओं से उनका आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नवागत प्राचार्य से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। सभी ने आशा जताई कि उनके नेतृत्व में विद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
अपने संबोधन में प्राचार्य जलज नयन सोनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं अनुशासन को प्राथमिकता देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से सहयोग की अपेक्षा जताई और ग्रामवासियों से भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
वहीं पीएलवी रूपेन्द्र सिंह ने विद्यालय के शिक्षकों और क्षेत्रवासियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही क्षेत्र में भयमुक्त और सकारात्मक वातावरण निर्मित होगा, जो बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
समारोह में स्थानीय गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नवागत प्राचार्य को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।












































