—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह— 
*जिला जेल में स्वास्थ्य एवं विधिक परामर्श शिविर का आयोजन बंदियों को मिली राहत*
दमोह, 25 अप्रैल।
जिला जेल दमोह में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर, मध्यप्रदेश के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रदेश की सभी 53 जेलों में एक साथ आयोजित किए गए कार्यक्रम का हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य बंदियों को स्वास्थ्य सुविधाएं एवं विधिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा द्वारा किया गया। वहीं न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल ने भी सभी जिलों से जुड़कर बंदियों के स्वास्थ्य और उनके प्रकरणों की जानकारी ली।
जिला जेल दमोह में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने की। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव उषा कांता कुशवाह, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरेसिया तथा जेलर मांगीलाल पटेल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही, जिसमें अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. एन. के. पटेल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा राय, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा भल्लोंतिया, सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. उमेश तंतुवाय, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विजय पथोरिया, दंत चिकित्सक डॉ. राजेन्द्र, नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. कौशिक सहित अन्य मेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं।
विधिक परामर्श सत्र में चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल मनीष नगायच ने बंदियों को उनके मामलों की अद्यतन जानकारी दी और उन्हें कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान करीब 48 बंदियों के प्रकरणों पर विशेष चर्चा कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया।
जिला जज सुभाष सोलंकी ने सभी चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वयं भी इस शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कार्यक्रम के अंत में जेलर मांगीलाल पटेल ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधिक सहायता अधिकारी मदन जैन एवं रक्षा त्रिपाठी सहित जेल स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। यह शिविर बंदियों के लिए स्वास्थ्य और न्याय दोनों ही दृष्टिकोण से बेहद लाभकारी सिद्ध हुआ।










































