—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
हटा में मानवीय पहल
*थाना प्रभारी और समाजसेवियों ने मिलकर जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में बढ़ाया सहयोग का हाथ*

दमोह/हटा। समाज में पुलिस की संवेदनशील और मानवीय छवि को मजबूत करने वाला एक सराहनीय उदाहरण हटा में सामने आया है। जहां हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने एक गरीब परिवार की व्यथा सुनकर न केवल सहानुभूति जताई, बल्कि तत्परता के साथ उनकी वास्तविक मदद भी की।
जानकारी के अनुसार पांजी निवासी विजय विश्वकर्मा आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और अपनी बेटी की शादी को लेकर गहरी चिंता में थे। घर की सीमित आय के चलते वे विवाह के लिए आवश्यक घरेलू सामान और दहेज सामग्री जुटाने में असमर्थ थे। जैसे ही उनकी यह आपबीती हटा थाना प्रभारी तक पहुंची, वे भावुक हो उठे और तुरंत सहयोग करने का निर्णय लिया।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने विजय विश्वकर्मा को हटा थाने बुलाया और उनकी बेटी के विवाह हेतु आवश्यक सामग्री जैसे सोफा सेट, कूलर, साड़ी, कपड़े और पंखा भेंट किए। यह सहयोग न केवल आर्थिक रूप से सहारा बना, बल्कि परिवार के मनोबल को भी मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ।
इस पुण्य कार्य में हटा के समाजसेवी शीतल सरदार, दीपक आरती चौरसिया, साहिल पंजाबी और आशीष पुरानी ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुएं एकत्रित कीं और जरूरतमंद परिवार को सौंपकर सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट परिचय दिया।
मदद मिलने के बाद विजय विश्वकर्मा और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक होकर उन्होंने थाना प्रभारी सहित सभी सहयोगकर्ताओं का बार-बार आभार व्यक्त किया। इस दौरान माहौल भी भावनात्मक हो गया, जहां मदद करने वाले और मदद पाने वाले दोनों ही भावुक नजर आए।
यह पहल न केवल एक परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाने का माध्यम बनी, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायक संदेश छोड़ गई है कि यदि पुलिस और समाज एकजुट होकर आगे आएं, तो किसी भी जरूरतमंद की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। हटा थाना प्रभारी और सभी सहयोगियों की यह मानवीय सोच वास्तव में सराहना के योग्य है।












































