—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बारात आने से पहले पहुंची डायल-112, 15 वर्षीय बच्ची का विवाह रुकवाया*

दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसा कला में बाल विवाह की सूचना पर पुलिस की तत्परता ने एक नाबालिग बच्ची का भविष्य सुरक्षित कर दिया। 15 वर्षीय किशोरी की शादी बारात आने से ठीक पहले डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दी।
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि ग्राम बांसा कला में एक 15 वर्षीय बालिका का विवाह परिजनों द्वारा कराया जा रहा है और बारात आने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही दमोह कंट्रोल रूम में तैनात महिला आरक्षक विभा तिवारी ने तुरंत थाना पथरिया की डायल-112 वाहन एफआरवी-12 को मौके के लिए रवाना किया और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को भी सूचित किया।
सूचना पर आरक्षक दिनेश कुर्मी एवं पायलट हरिओम अहिरवार तत्काल ग्राम पहुंचे। वहां कल्लो सौर (15 वर्ष) का विवाह कराया जा रहा था और रस्में जारी थीं। टीम ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए समझाइश दी और नाबालिग विवाह के दुष्परिणाम बताए। समझाइश के बाद परिजन विवाह रोकने के लिए राजी हो गए।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिन्होंने पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। डायल-112 और विभाग की संयुक्त कार्रवाई से समय रहते बाल विवाह रुकवाया जा सका।
यह कार्रवाई न केवल कानून के पालन का उदाहरण है, बल्कि समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश करती है।












































