Home » अपराध » Mp » *कलेक्टर श्री यादव आकस्मिक रूप से पहॅुचे जिला अस्पताल कहा, पहले से काफी बदलाव दिखा, समयपालन और कार्यक्षमता बढ़ाने की आवश्यकता

*कलेक्टर श्री यादव आकस्मिक रूप से पहॅुचे जिला अस्पताल कहा, पहले से काफी बदलाव दिखा, समयपालन और कार्यक्षमता बढ़ाने की आवश्यकता

*कलेक्टर श्री यादव आकस्मिक रूप से पहॅुचे जिला अस्पताल कहा, पहले से काफी बदलाव दिखा, समयपालन और कार्यक्षमता बढ़ाने की आवश्यकता*

*पी.एम रिपोर्ट त्वरित मिले, दूरभाष पर मौके से दिए निर्देश*

*सोनोग्राफी की व्यवस्था की जाये*

*मरीज और परिजनो ने कलेक्टर से कहा ऐसे ही आते रहे व्यवस्थाऍ अच्छी हो गई है*+!

दमोह : 06 मई 2026

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज प्रात: 9.30 बजे औचक रूप से जिला अस्पताल पहॅुचे। उन्होने यहॉ मरीजो को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होने कहा व्यवस्थाओं में गत् निरीक्षण के बाद बदलाव दिखा पर अभी और सुधार की जरूरत है, आज कलेक्टर बिना किसी सूचना के पहुचे थे, उन्होने ओपीडी सहित वार्डो में भी जाकर देखा, इस दौरान उन्होने मरीजो और उनके परिजनो से भी फीड बैक लिया।

            निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कर्मचारी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन समयपालन और कार्यक्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है। कुछ चैंबर पर सुबह 9:45 बजे तक डॉक्टर नही पाए गए, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय पर उपस्थित रहकर सभी मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। सिविल सर्जन ने बताया विशेषज्ञ चिकित्सक राउण्ड पर है, उसके बाद ओपीडी में मरीज देखते है।

            उन्होने कहा, निरीक्षण के दौरान एक मरीज मिला जिन्हें एक दिन पहले भी उपचार नहीं मिल पाया था। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के नियमित और पूर्ण चेकअप पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं जिससे 100% जांच समय पर हो सके।

            कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि अस्पताल के सुरक्षा गार्डों को पिछले 5 महीनों से वेतन नहीं मिला है, वहीं सफाई और लॉन्ड्री सेवाओं के लिए भी 5-6 महीनों से बजट जारी नहीं हुआ है। इस संबंध में कमिश्नर स्वास्थ्य से चर्चा की गई, जिन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है ताकि सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। उन्होने कहा सार्थक ऐप के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर ने सिविल सर्जन से उपस्थिति रिपोर्ट मांगी है और चेतावनी दी है कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जाएगी।

            उन्होने कहा, अस्पताल में बेड की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए शासन को पत्र भेजा गया है। विभिन्न वार्डों में वास्तविक बेड संख्या की जानकारी मांगी गई है। सिविल सर्जन को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि बेड संख्या बढ़ाकर मरीजों को बेहतर सुविधा दी जा सके।

            कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार की जरूरत बताई। डॉक्टरों का समय पर उपस्थिति और स्टाफ के बेहतर व्यवहार पर जोर दिया। उन्होने कहा कुछ कर्मचारियों को 5 महीने से वेतन नहीं मिला है, तो उसकी स्थिति समझी जा सकती है। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सागर में पदस्थ संयुक्त संचालक स्वास्थ्य को निर्देशित किया कि वे कम से कम महीने में एक बार जिला अस्पताल का निरीक्षण करें। इस पर जेडी ने कहा वे नियमित रूप से आकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और सुधार में सहयोग करेंगी।

मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर अनिवार्य

            भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने एक मरीज को गोद में लेकर जाते देखा, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल के गेट पर व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल जैसी सुविधाएं हमेशा उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि मरीजों को तत्काल सहायता मिल सके।

बेड बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया

            कलेक्टर श्री यादव ने बताया, जिला अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। हर महीने 600 से 700 डिलीवरी होने और लगभग 400 बेड लगातार भरे रहने के कारण दबाव अधिक है।

ह्यूमन रिसोर्स की कमी से प्रभावित सेवाएं

उन्होंने कहा कि पर्याप्त स्टाफ और डॉक्टरों की कमी के कारण समय पर इलाज और मरीजों की देखभाल में दिक्कतें आती हैं। इससे लोगों में आक्रोश पैदा होता है। कलेक्टर श्री यादव ने भरोसा दिलाया कि बेड और स्टाफ बढ़ने के बाद अस्पताल की सेवाओं में सुधार होगा और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

पी.एम रिपोर्ट सभी को त्वरित मिले, दूरभाष पर मौके से दिए निर्देश(

कलेक्टर के जिला अस्पताल भ्रमण के दौरान दमोह निवासी एक बुजुर्ग ने पी.एम रिपोर्ट न मिलने की बात रखते हुए कहा साब रिपोर्ट दिलवा दे, काफी दिनो से परेशान हू। कलेक्टर ने तत्काल ही एडीशनल एस.पी से कहा तत्काल रिपोर्ट दिलवाये और पूरे जिले में ऐसी व्यवस्था स्थापित करे कि कोई भी व्यक्ति पी.एम रिपोर्ट के लिए यहॉ-वहॉ न भटके, रिपोर्ट समय-सीमा में मिल जायें।

मरीजो के परिजनो नें की शिकायत

भ्रमण के दौरान मरीजो के परिजनों से भी कलेक्टर नें बातचीत की। इस दौरान स्टाफ के व्यवहार की बाते परिजनों ने रखी। तत्काल ही कलेक्टर नें सिविल सर्जन से कहा यह बर्दाश्त नही किया जायेगा

प्रसाधन भी पहॅुचे

भ्रमण के दौरान कलेक्टर केम्पस के प्रसाधन पर भी गये और इसे स्वच्छ सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।

सोनोग्राफी की व्यवस्था की जाये

इस भ्रमण के दौरान मरीज ने सोनोग्राफी की समस्या बतायें जानें पर सिविल सर्जन को विज्ञप्ति जारी कर एक डॉक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था पर दिये निर्देश

जिला अस्पताल में सुरक्षा संबंधी बात आने पर एडीशनल एसपी को यहॉ पर सुरक्षा व्यवस्था सुढृण करने के निर्देश दिए।

मरीज और परिजनो ने कहा ऐसे ही आते रहे

इस भ्रमण के दौरान मरीजो और उनके परिजनों ने कलेक्टर से कहा अब व्यवस्था में सुधार हुआ है, अच्छी व्यवस्थाएं हो गई, बस ऐसी ही आते रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This