Home » अपराध » Mp » *कलेक्टर ने रात्रि चौपाल कर गांव में ही किया रात्रि विश्राम*

*कलेक्टर ने रात्रि चौपाल कर गांव में ही किया रात्रि विश्राम*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*कलेक्टर ने रात्रि चौपाल कर गांव में ही किया रात्रि विश्राम*

*दूरस्थ गांवों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर श्री यादव*

दमोह, 09 मई 2026।
जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचलों में शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम पाठादो पहुंचकर रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा गांव में ही रात्रि विश्राम कर प्रशासन की जनसुनवाई व्यवस्था को धरातल तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना है, ताकि यह जाना जा सके कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि कई बार लोग कार्यालयों में अपनी समस्याएं खुलकर नहीं रख पाते, लेकिन गांवों में आयोजित चौपालों और शिविरों में सहजता से अपनी बात सामने रखते हैं।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत कई महिलाओं ने शिकायत की कि दस्तावेज जल जाने, आधार कार्ड लिंक न होने और फिंगरप्रिंट मिलान में दिक्कत आने के कारण उनकी पेंशन बंद हो गई है या स्वीकृत नहीं हो पा रही है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर श्री यादव ने उन विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की जो चौपाल में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह कलेक्टर श्री यादव प्रातः 4 बजे उठकर स्नान एवं ध्यान के बाद भगवान के श्रृंगार और पूजन-अर्चन में शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी अधिकारी मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। जिला परियोजना समन्वयक मुकेश द्विवेदी ने जनगणना अभियान के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए सहभागिता की अपील की।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम छोटे गिरी गोस्वामी, सीएमएचओ डॉ. अठ्या, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. असाटी सहित अन्य जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सीईओ जनपद पंचायत मनीष बागरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद पंचायत क्षेत्र में जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी कार्य तय समय सीमा में सुनिश्चित किए जाएंगे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This