—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नाली सफाई के दौरान नगर पालिका सीएमओ पर हमला दो आरोपियों पर मामला दर्ज*
दमोह। शहर के पठानी मोहल्ला क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नाली सफाई अभियान के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। जानकारी के अनुसार नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी अपनी टीम और सफाई कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में पहुंचे थे। सफाई कर्मचारियों ने मौके पर बताया कि नाले पर अतिक्रमण होने के कारण पूरी तरह सफाई कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन बुलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान संबंधित पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पठानी मोहल्ला निवासी शहजाद बैग एवं उनके भाई सरफराज बैग ने नगर पालिका सीएमओ के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की तथा उनका मोबाइल कैमरा छुड़ाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वीडियो में दो बार झपट्टा मारने और हाथापाई करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
घटना के दौरान नगर पालिका के ट्रैक्टर चालक शेख आजाद ने बीच-बचाव करते हुए अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध कर रहे लोगों से कहा कि अधिकारियों के साथ इस प्रकार की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले ही नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस दिए जा चुके थे। उनके अनुसार सुपरवाइजर द्वारा पूर्व में भी समझाइश दी गई थी कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने हमला कर दिया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
घटना के बाद नगर पालिका सीएमओ अपनी पूरी टीम के साथ सिटी कोतवाली पहुंचे, जहां संबंधित आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।















































