—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*सागर मार्ग के कोरोंसा टोल प्लाजा पर देर रात तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी*
दमोह। शहर के सागर मार्ग स्थित कोरोंसा टोल प्लाजा पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एक दर्जन से अधिक अज्ञात युवकों द्वारा जमकर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद टोल कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सागर मार्ग की ओर से आए कुछ युवकों ने अचानक टोल प्लाजा पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते युवकों ने टोल प्लाजा के केबिनों और अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। घटना से वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम एवं सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि विवाद टोल टैक्स या पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
देहात थाना प्रभारी अमित गौतम ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वे कौन युवक थे जिन्होंने इस तरह की गुंडागर्दी को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।













































