—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*पटेरा में राजस्व सीमांकन महाअभियान एक दिन में 185 सीमांकन कर बना रिकॉर्ड*
दमोह/पटेरा। तहसील पटेरा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब एक दिवसीय राजस्व सीमांकन अभियान के तहत जिले में पहली बार रिकॉर्ड स्तर पर एक ही दिन में 185 सीमांकन की कार्यवाही पूर्ण की गई। इस विशेष अभियान को प्रशासनिक स्तर पर सुव्यवस्थित योजना के साथ संचालित किया गया, जिसकी पूरे जिले में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार उमेश तिवारी के निर्देशन में तहसील के समस्त पटवारियों को पूर्व निर्धारित मापदंडों के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। सीमांकन कार्य से पूर्व संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सूचना दी गई, ताकि मौके पर उपस्थित रहकर विवाद रहित सीमांकन कराया जा सके।
अभियान के दौरान भूमि सीमाओं का निर्धारण कर मौके पर स्थायी पदचिह्न लगाए गए। साथ ही सीमांकन की कार्यवाही मौके पर ही तैयार कर संबंधित पक्षों को कब्जा भी दिलाया गया। प्रशासन की इस त्वरित और पारदर्शी कार्यप्रणाली से ग्रामीणों एवं किसानों में संतोष देखा गया।
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग मानसी अग्रवाल एवं द्वारका प्रसाद गुप्ता द्वारा फील्ड में रहकर की गई। वहीं उमेश तिवारी ने सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान को सफल बनाया।
इसके अलावा एसडीएम हटा के मार्गदर्शन में पूरी कार्यवाही को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के सामूहिक प्रयास से पटेरा तहसील ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे जिले में राजस्व प्रशासन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।














































