—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मलेशिया में स्वर्ण जीतकर दमोह लौट रही बेटी नियति दीक्षित आज होगा भव्य स्वागत*
दमोह। मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे टूर्नामेंट में अंडर-14 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन करने वाली दमोह की बेटी नियति दीक्षित आज 22 मई को शाम 5 बजे दमोह नगर पहुंचेंगी। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नियति दीक्षित ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया। उनकी जीत को जिले के खेल जगत और सामाजिक संगठनों द्वारा गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।
दमोह आगमन पर नियति दीक्षित का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह अपने नाना पंडित कोमल प्रसाद गोस्वामी, पूर्व सरपंच सकोर (थाना गैसाबाद) के निवास पहुंचेंगी, जहां परिवारजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
नियति की इस सफलता से जिले की बेटियों और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है। खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद नियति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि प्रतिभा मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल कर सकती है।












































