Home » अपराध » Mp » *भीषण गर्मी में जल आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता, वाटर वर्क्स की विद्युत लाइनों का विशेष मेंटेनेंस*

*भीषण गर्मी में जल आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता, वाटर वर्क्स की विद्युत लाइनों का विशेष मेंटेनेंस*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*भीषण गर्मी में जल आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता, वाटर वर्क्स की विद्युत लाइनों का विशेष मेंटेनेंस*

दमोह जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए विद्युत विभाग ने शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाटर वर्क्स से जुड़े विद्युत कनेक्शनों और लाइनों के सुधार एवं रखरखाव का विशेष अभियान चलाया है। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो और जल प्रदाय संयंत्रों को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलती रहे।

विद्युत विभाग द्वारा शहर को जल आपूर्ति करने वाले विभिन्न कनेक्शनों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने संबंधित वितरण केंद्रों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि म.प्र. शासन की मंशानुसार भीषण गर्मी के इस दौर में किसी भी स्थिति में जल प्रदाय करने वाले प्लांटों की विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं लाइन में सुधार या रखरखाव कार्य आवश्यक हो तो संबंधित प्लांट प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर समय रहते मेंटेनेंस कार्य पूरा किया जाए।

विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में लगभग 45.46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जा रहा है, जिससे पेयजल की मांग में काफी वृद्धि हुई है। ऐसे में जल आपूर्ति करने वाले विद्युत कनेक्शनों की सतत निगरानी और त्वरित सुधार कार्य अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए सहायक अभियंता संदीप पटैल एवं उनकी टीम को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।

सहायक अभियंता द्वारा जानकारी दी गई कि सीतानगर एवं कोपरा वाटर वर्क्स की विद्युत लाइनों का मेंटेनेंस कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही दोनों जल प्रदाय केंद्रों पर विभागीय कर्मचारियों की अलग-अलग तैनाती कर 24×7 निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल सुधार कार्य किया जा सके।

आंधी-तूफान से टूटे 92 विद्युत पोल, युद्धस्तर पर हुआ सुधार कार्य

इधर पिछले सप्ताह जिले में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई थी। विभागीय जानकारी के अनुसार नरसिंहगढ़ वितरण केंद्र अंतर्गत 18, बटियागढ़ में 28, तेंदूखेड़ा में 14 तथा जबेरा वितरण केंद्र क्षेत्र में 32 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। कई स्थानों पर विद्युत लाइनें टूट गईं और डीपी प्रभावित हुईं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी।

अधीक्षण अभियंता अमित चौहान के निर्देशन में विभागीय कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर राहत एवं सुधार कार्य शुरू किया। कठिन परिस्थितियों और अवरुद्ध मार्गों के बावजूद लाइन स्टाफ ने दिन-रात लगातार कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त पोलों को पुनः स्थापित किया तथा आवश्यक लाइन सुधार कार्य समय पर पूरा किया।

विभाग ने बताया कि कर्मचारियों की तत्परता, तकनीकी दक्षता और समर्पण के कारण कम समय में प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। बिजली आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की और विभागीय कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।

अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद विभाग उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This