—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
***झलौन से मुकेश जैन की रिपोर्ट***
*जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत झलोन, सेहरी और पुरा में निकली भव्य कलश यात्रा जल संरक्षण का दिया संदेश*
दमोह/मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद तेंदुखेड़ा, जिला दमोह के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था महाराणा प्रताप जनकल्याण शिक्षण संघ एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम झलोन, सेहरी एवं पुरा में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जल पूजन, कलश यात्रा एवं वृक्ष पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आयोजित इस अभियान के दौरान ग्रामीणों ने गांव के विभिन्न जल स्रोतों से जल एकत्रित कर श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान शंकर को अर्पित किया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएँ, युवा एवं बच्चे-बच्चियाँ शामिल हुए। पूरे गांव में धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। लोगों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संचयन करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया। वृक्ष पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में अमर सिंह जी, ओम यादव, हल्ले सेन, बद्री, बल्लू जी मंगल, धर्मेंद्र जी, छोटू, मोहन जी, हरचरण, अशोक, इमरती जी एवं सपना जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति झलोन से अध्यक्ष मुकेश जैन, सचिव चन्द्रप्रताप एवं महाराज सिंह ने कार्यक्रम संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
वहीं महाराणा प्रताप जनकल्याण शिक्षण संघ सेक्टर झलोन से अध्यक्ष पुष्पेंद्र सेन, सचिव राजेन्द्र साहू, कोषाध्यक्ष रूपलाल विश्वकर्मा, दशरथ सिंह आचार्य एवं गोपाल विश्वकर्मा जी की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और जल संरक्षण के प्रति लोगों को निरंतर जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाराणा प्रताप जनकल्याण शिक्षण संघ का विशेष सहयोग रहा। संस्था द्वारा कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों, समिति सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













































