—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*नोहटा थाने में बकरी ईद को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न*


दमोह/नोहटा आगामी बकरी ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना नोहटा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने का संदेश दिया।
बैठक में नायब तहसीलदार राजेश साहू, थाना प्रभारी अभिषेक पटेल, नोहटा सरपंच प्रतिनिधि लाल सिंह (लंबरदार), उप सरपंच मुन्नालाल राय, महबूब मुल्लाजी, राजू भाईजान, इसराइल खान, इसरार खान सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने सभी नागरिकों से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा करने से बचें। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं तथा असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में नगर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की बात कही।
बैठक का समापन आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं शांति बनाए रखने के संदेश के साथ हुआ।












































