*गुंजी में करंट लगने से तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत वन विभाग अमला जुटा जांच में
दमोह। जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुंजी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां करंट लगने से तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे को सूचना प्राप्त होने के बाद तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी एवं उनकी टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। निरीक्षण के दौरान तीनों मोर मृत अवस्था में पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोर विद्युत डीपी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक मोर डीपी से चिपक गया था, जबकि दूसरा तड़पते हुए नीचे गिर पड़ा और तीसरे की भी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर तीनों मोरों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद नियमानुसार उनका अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। राष्ट्रीय पक्षियों की एक साथ हुई मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वन विभाग ने विद्युत संरचनाओं के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।
राष्ट्रीय पक्षी मोर प्रकृति और जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस तरह की घटनाएं वन्यजीव संरक्षण और विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता की ओर संकेत करती हैं।















































