—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*हिण्डोरिया पुलिस ने महाराष्ट्र में बंधक बने 23 मजदूरों को सकुशल छुड़वाया*
दमोह। पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी हटा सुश्री प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में हिण्डोरिया पुलिस ने जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए महाराष्ट्र में फंसे 23 मजदूरों को सकुशल उनके गृहग्राम वापस पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को ग्राम नौनपानी के समाजसेवियों द्वारा हिण्डोरिया पुलिस को सूचना दी गई थी कि गांव के 23 मजदूर मजदूरी करने के लिए महाराष्ट्र के सांगली जिले गए थे, जहां उन्हें वापस नहीं आने दिया जा रहा था। मजदूरों से कोई कार्य भी नहीं कराया जा रहा था और उन्हें अनावश्यक रूप से वहीं रोके रखा गया था।
सूचना मिलते ही हिण्डोरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। मजदूरों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया, जिसमें सूचना सही पाई गई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के सांगली जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों से दूरभाष पर संपर्क स्थापित किया तथा मजदूरों के ठिकाने और संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी जुटाई।
पुलिस के विशेष प्रयासों और समन्वय के परिणामस्वरूप संबंधित थाना पुलिस की मदद से सभी 23 मजदूरों को मुक्त कराया गया। इसके बाद सभी मजदूर सुरक्षित रूप से अपने गृहग्राम नौनपानी, थाना हिण्डोरिया वापस पहुंच गए।
सकुशल वापसी पर मजदूरों एवं ग्रामवासियों ने हिण्डोरिया पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई पुलिस की जनहित और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
















































