—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*सीतानगर बड़ीशाला मंदिर से श्रीराम-जानकी की प्रतिमा गायब पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन*


दमोह। जिले के सीतानगर बड़ीशाला स्थित श्री देव राम कुमार मंदिर ट्रस्ट से भगवान श्रीराम-जानकी की प्रतिमा गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जगदीश मंदिर गढ़ाकोटा के महामंडलेश्वर महंत हरिदास महाराज ने पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महंत हरिदास महाराज जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, तब उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर में स्थापित श्रीराम-जानकी की प्रतिमा अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं है। बताया जा रहा है कि उक्त प्रतिमा अत्यंत मूल्यवान थी और जानकारों के अनुसार वह सोने की बनी हुई थी। प्रतिमा के साथ रखे गए श्रृंगार सामग्री एवं आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं।
महंत हरिदास महाराज ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि मंदिर की अस्थायी देखरेख कर रहे संतोष दास बिल्थरे द्वारा प्रतिमा को कहीं हटाया गया है अथवा उसके अवैध विक्रय की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्राण-प्रतिष्ठित मूर्ति को धार्मिक परंपराओं और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना मंदिर से बाहर ले जाना नियमों के विरुद्ध है। इस घटना से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
महंत हरिदास महाराज ने यह भी बताया कि पूर्व में भी वर्तमान सेवादार के कार्यकाल के दौरान भगवान श्रीराम की एक बेशकीमती प्रतिमा चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में वर्तमान घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी विस्तृत जांच आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गायब हुई प्रतिमा और अन्य धार्मिक सामग्री की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए। फिलहाल मामले को लेकर श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।














































