—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*ओवरब्रिज पर फैला ऑयल फिसलकर गिरे कई बाइक सवार प्रशासन पर लापरवाही के आरोप*

दमोह। शहर के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुल पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक द्वारा कथित रूप से ऑयल फैला दिए जाने से सड़क अत्यधिक फिसलन भरी हो गई। इसके चलते बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर पड़े और कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बटियागढ़ से दमोह लौट रहे चार पटवारी भी इस हादसे का शिकार हो गए। उनकी मोटरसाइकिल फिसलने से वे घायल हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि ऑयल फैलने के कारण बड़ी संख्या में बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हुए। हालांकि घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता मोंटी रायकवार, माझी समाज पलंदी चौराहा के अध्यक्ष राजकुमार रायकवार, अरुण रायकवार, साहिल रायकवार तथा अमर रायकवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से राहगीरों को सावधानीपूर्वक निकालने का प्रयास किया तथा पुल पर मिट्टी डलवाकर फिसलन कम कराने की व्यवस्था कराई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के लिए दमोह एसडीएम को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद जब मामले की जानकारी सीएसपी एच.आर. पांडेय को दी गई तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं, अज्ञात वाहन चालक की पहचान तथा ऑयल फैलने के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय तक ओवरब्रिज पर आवागमन प्रभावित रहा और वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना रहा। प्रशासन से मांग की जा रही है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











































