—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*खजरी मोहल्ले में शराबी उपद्रवियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई आरोपियों का निकाला गया पैदल जुलूस*
दमोह। शहर के खजरी मोहल्ले में बीती रात हुए पथराव, तोड़फोड़ और दहशत फैलाने की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका पैदल जुलूस निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हुई है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार खजरी मोहल्ले में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब के नशे में उत्पात मचाया जा रहा था। मोहल्ले के नागरिकों ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका और आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने आक्रोशित होकर क्षेत्र में पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई घरों पर पत्थर फेंके गए तथा एक कार में भी तोड़फोड़ की गई। घटना से पूरे मोहल्ले में भय और तनाव का माहौल निर्मित हो गया था। पथराव और मारपीट की घटना में दो लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप और भागीरथ को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को कोतवाली पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों का खजरी मोहल्ले में पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने आरोपियों को उसी क्षेत्र में पैदल घुमाया, जहां उन्होंने उत्पात मचाकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास किया था। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में विवाद और अशांति का कारण बन रहे थे तथा इस कार्रवाई से लोगों को राहत मिली है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, पथराव, मारपीट अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई के बाद खजरी मोहल्ले में स्थिति सामान्य बनी हुई है तथा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।












































