—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*भाजपा किसान मोर्चा की किसान कार्यशाला सम्पन्न प्राकृतिक जैविक खेती को अपनाने का आह्वान*
दमोह। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला दमोह एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार 19 जून को मानस भवन में किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले भर से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखन पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, दमोह विधायक जयंत मलैया, संभाग प्रभारी नर्मदा सिंह, जिला प्रभारी करन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रीति ठाकुर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महाराज सिंह लोधी सहित कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान क्षेत्र से जुड़े अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जैविक खाद के उपयोग, कृषि लागत कम करने तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि लखन पटेल ने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान अपनी उत्पादन लागत कम कर सकते हैं और अधिक लाभ अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा प्राकृतिक और जैविक खेती भारतीय परंपरा एवं सनातन जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भाजपा किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की कार्यशालाएं किसानों को नई दिशा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों और प्राकृतिक खेती के समन्वय को कृषि क्षेत्र की नई संभावनाओं का आधार बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल ने किसानों से नई कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसान आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकते हैं। उन्होंने अपने किसान परिवार से जुड़े अनुभव भी साझा किए। वहीं नर्मदा सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों के लिए भी लाभकारी सिद्ध हो रही है।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महाराज सिंह लोधी ने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान भी किया गया। इनमें खम्मन सिंह, कुरेरिया मेहता फार्म हाउस, बहादुर सिंह अमखिरिया तथा नंदिनी बेड़ियां सहित अन्य प्रगतिशील किसान शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया गया।











































