–प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह–
*जनजातीय अंचल झलों में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा जयंती बच्चों को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश*
*जबेरा से प्रवीण दुबे की रिपोर्ट*
दमोह/जबेरा जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शासकीय सांदीपनि विद्यालय जबेरा के प्राचार्य संजय बाजपेयी ने अपने विद्यालय के शिक्षकों के साथ आदिवासी बाहुल्य ग्राम झलों में पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई। जबेरा से लगभग 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम झलों में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य संजय बाजपेयी ने ग्राम के गणमान्य नागरिकों के साथ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, देशभक्ति, समाज के प्रति समर्पण और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
प्राचार्य संजय बाजपेयी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपने जीवन में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और नशे की प्रवृत्ति के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग का महत्व समझाया। साथ ही अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने, खेती में जैविक खाद का उपयोग करने तथा अपनी जमीन और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।
इस दौरान प्राचार्य ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय जबेरा की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय परिवार हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर है।
बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और टॉफी वितरित कर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य संजय बाजपेयी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पेन, पेंसिल, रजिस्टर एवं टॉफी वितरित की। शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
विद्यालय के नवाचारी शिक्षक सुखनंदन साहू ने उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित रूप से शौचालय का उपयोग करने, अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
वहीं शिक्षक माखनलाल साहू ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में अव्वल रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। साथ ही बच्चों के अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल
जनजातीय बाहुल्य ग्राम झलों में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा जयंती मनाने की इस पहल को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनजातीय समाज से जुड़ाव की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदर्शों की जानकारी दी गई, बल्कि बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिक चतुर सिंह गोंड, कोमल सिंह, महाराज सिंह, रत्नेश सिंह गोंड, लक्ष्मी सिंह गोंड सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।















