राष्ट्र के निर्माण में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण-विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी
श्रम दिवस पर निर्माणाधीन सी.एम.राईज विद्यालय में
श्रमिकों को दी कानूनी जानकारी
दमोह राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा जारी निर्देशों के तहत प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष पी.सी.गुप्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह के कुशल मार्गदर्शन में श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में निर्माणाधीन सी.एम.राईज विद्यालय बरपटी में विधिक साक्षरता शिविर विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी ने उपस्थित श्रमिकों को श्रम दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा यह दिवस मजदूरों के अधिकार, न्याय, कामकाजी स्थिति पर बात करने, दिक्कतों को जानने, श्रमिकों एवं श्रमिक आंदोलन द्वारा किये गये संघर्षों और उपलब्धियों को याद करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। किसी भी राष्ट्र के निर्माण में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण होता है, इनके बिना किसी भी राष्ट्र के निर्माण की संकल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने श्रम कानूनों के साथ-साथ उनके अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ज्ञानेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा किसी भी श्रमिक को मजदूरी के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता साथ ही बालश्रम भी नहीं कराया जा सकता क्योंकि यह कानूनन अपराध है। उन्होंने बंधुआ मजदूरी एवं बालश्रम निषेध विषय पर विस्तृत जानकारी दी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया ने कहा जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अधिकारों का हनन होने की दशा में कानून का सहारा लेकर अपने अधिकारों को कैसे प्राप्त किया जाये के संबंध में बताया एवं असंगठित क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए विधिक सहायता योजना एवं निःशुल्क विधिक सहायता के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सतीश बोहरे एवं श्रमिकगण उपस्थित रहे।