अजब धाम गौशाला में भीषण आग, करीब 200 से अधिक
भूसा कि ट्रालियां जलकर खाक
दमोह। अजब धाम अजब श्री सेवा समिति द्वारा संचालित गौशाला में रविवार को एक भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें लगभग 200 से अधिक ट्रालियां भूसा जलकर पूरी तरह खाक हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा 11 केवी लाइन में आए सर्किट फॉल्ट के चलते हुआ, जिससे आग भड़क उठी और गौशाला में रखा भारी मात्रा में भूसा जलने लगा। आग इतनी भीषण थी कि गौशाला का टीन शेड भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन जब तक राहत दल मौके पर पहुंचा, तब तक अधिकांश भूसा आग की चपेट में आ चुका था। गौशाला में मौजूद पशुओं को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया, जिससे किसी भी जान-माल की हानि की सूचना नहीं है। हालांकि इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है प्रशासन द्वारा घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं और विद्युत विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है कि लाइन में सर्किट फॉल्ट कैसे हुआ।













































