—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर दमोह पुलिस की कड़ी कार्रवाई


दमोह।
जिला पुलिस अधीक्षक दमोह के विशेष निर्देश पर यातायात पुलिस दमोह द्वारा सड़क सुरक्षा और जनसुरक्षा की दृष्टि से विगत रात्रि एक विशेष मोबाइल चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान शहर के बायपास रोड पर देर रात तक संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर नियंत्रण करना था।
अभियान के दौरान पुलिस दल द्वारा कई वाहनों की जांच की गई। जांच में 02 ट्रक, 01 बल्कर और 01 ट्रेलर के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किए जाने पर चालकों के शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जो निर्धारित सीमा से अधिक थी।
यातायात पुलिस दल ने तत्काल चारों चालकों के विरुद्ध ड्रिंक एंड ड्राइव के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक कार्यवाही हेतु आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
माननीय न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषी पाते हुए प्रत्येक पर ₹10,000 (दस हज़ार रुपये) का अर्थदंड अधिरोपित किया। इस प्रकार कुल ₹40,000 (चालीस हज़ार रुपये) का जुर्माना लगाया गया। न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत संबंधित वाहनों को उनके मालिकों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक दमोह ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले चालकों के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह दूसरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
यातायात प्रभारी दमोह ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएँ, और यदि आसपास कोई ऐसा करता दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।














































