Home » अपराध » Mp » *दमोह पुलिस की यातायात सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई*

*दमोह पुलिस की यातायात सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*दमोह पुलिस की यातायात सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई*


*100 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न जब्त, रोड रोलर चलाकर किया नष्ट*

दमोह। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वीआईपी मार्ग पर विशेष कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई में वाहनों में लगाए गए 100 से अधिक अवैध मॉडिफाइड/कर्कश आवाज वाले साइलेंसर, हूटर एवं प्रेशर हॉर्न जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त किए गए इन उपकरणों को वीआईपी मार्ग पर व्यवस्थित रूप से रखकर रोड रोलर (बेलन) चलवाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया।

तेज आवाज वाले उपकरणों पर पुलिस की नजर

पुलिस की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ऐसे उपकरणों पर रोक लगाना है, जिनके कारण सड़कों पर अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण होता है। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज आम नागरिकों के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे उपकरणों के इस्तेमाल पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) एच.आर. पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, थाना प्रभारी कोतवाली मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलवीर सिंह, निरीक्षक आकांक्षा जोशी सहित यातायात पुलिस का बल उपस्थित रहा।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त किए गए साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न को सड़क पर रखकर रोड रोलर से नष्ट कराया गया। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि वाहनों में नियम विरुद्ध किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वाहन चालकों से की अपील

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले और तेज आवाज के माध्यम से आमजन, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों एवं मरीजों को परेशानी में डालने वाले गैर-कानूनी उपकरणों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

दमोह पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक वाले साइलेंसर और हॉर्न का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन, प्रेशर हॉर्न अथवा अनधिकृत हूटर वाहन में न लगाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This